झारखंड: ANM के 3,181 पदों पर बहाली के लिए परीक्षा 18-19 मार्च को, जानें जरूरी नियम

February 10, 2026
News Image

रांची: झारखंड स्वास्थ्य विभाग के तहत महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (ANM) के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज हो गई है। कुल 3,181 पदों (3,020 नियमित और 161 बैकलॉग) पर नियुक्ति के लिए आगामी 18 और 19 मार्च को रांची के विभिन्न केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।

10 मार्च से मिलेगी परीक्षा की जानकारी

आयोग के अनुसार, आवेदकों को उनकी विशिष्ट परीक्षा तिथि की जानकारी 10 मार्च से उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल पर भेज दी जाएगी। एडमिट कार्ड: अभ्यर्थी परीक्षा की तारीख से ठीक दो दिन पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें आवेदन संख्या (Registration Number) और जन्मतिथि का उपयोग करना होगा। अनिवार्य दस्तावेज: परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड की एक अतिरिक्त प्रति (Extra Copy) और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है।

परीक्षा का स्वरूप: ओएमआर और कंप्यूटर आधारित

यह परीक्षा मुख्य रूप से एक ही चरण में आयोजित की जाएगी, जो ओएमआर (OMR) और कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में होगी। प्रश्न: कुल 50 वस्तुनिष्ठ (Objective) प्रश्न पूछे जाएंगे। समय: परीक्षा की अवधि एक घंटा होगी। मार्किंग: प्रत्येक सही उत्तर के लिए 1 अंक मिलेगा। राहत की बात यह है कि परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं है। भाषा: प्रश्न पत्र हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा।

क्वालीफाइंग मार्क्स और कड़े नियम

लिखित परीक्षा में सफल होने के लिए न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं। अनारक्षित और आर्थिक रूप से कमजोर (EWS) वर्ग के अभ्यर्थियों को कम से कम 40 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा।

कदाचार पर जीरो टॉलरेंस:

आयोग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या नकल में संलिप्त पाए जाने पर 'झारखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय) अधिनियम, 2023' के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आयोग ने उम्मीदवारों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने का निर्देश दिया है।